जब अव्यवस्थाओं की है भरमार, तो आख़िर कैसे बने आधार ?

कछौना, हरदोई : भारत सरकार के आदेशानुसार आधार कार्ड का नामांकन कार्य केवल सरकारी कार्यालयों, रजिस्ट्रार, डाक विभाग, बैंको व ब्लॉक शिक्षा केंद्रों पर ही होने का प्रविधान है। कछौना में उपडाकघर, बैंक ऑफ इंडिया, कछौना ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आधार कार्ड नामांकन की सुविधा मुहैया कराई गयी है।

सरकारी योजनाओं व आवश्यक कार्यों में आधार की अनिवार्यता के चलते काफी आबादी के आज भी आधार कार्ड सुविधाओं से वंचित हैं। मेरा आधार कार्ड मेरी पहचान, का स्लोगन आम जनमानस को छल रहा है। आधार कार्ड नया जारी कराने व संशोधन कराने में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कोविड-19 की महामारी के चलते ब्लॉक संसाधन केंद्र पर कई माह से काम बंद चल रहा है जिससे नौनिहालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। उप डाकघर कछौना में आधार कार्ड बनवाने हेतु सुबह से 7:00 बजे से लाइन लग जाती है। दूरदराज के क्षेत्र के लोग डेरा डाल देते हैं, जिसमें आम जनमानस से बचत खाता खुलवाने के नाम पर जमकर वसूली की जाती है। ध्यान रहे ज्यादातर लोगों के पहले से बैंकों में खाता चल रहे हैं, लेकिन वह भी परेशान किये जा रहे हैं।

इस संदर्भ में डाक अधीक्षक से जब वार्त्ता की गई तब उन्होंने बताया कि खाता खुलवाने की अनिवार्यता नहीं है। यह मौखिक निर्देश है लिखित आदेश कोई नहीं है। सुविधा शुल्क के नाम पर बैंक ऑफ इंडिया कछौना में भी गुपचुप तरीके से वसूली की जाती है। ऑपरेटर का कहना है हम लोग का कमीशन कई माह के बाद भी नहीं आता है।

ब्लॉक संसाधन केंद्र पर कई माह से आधार कार्ड केंद्र बंद चल रहा है पूरे मामले की शिकायत जय हिंद जय भारत मंच ने जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी ने जांच कर दोषी लोग पर कार्यवाही की बात कही। वहीं ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बंद चल रहे केंद्र का तत्काल चालू कराए जाने का निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिया। खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि कार्य मंगलवार से सुचारू रूप से चालू हो जाएगा।