हरदोई- कोतवाली शहर के सराय थोक पूर्वी निवासी महिला ने अपने ससुरालीजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि उसके जेठ ने इस कदर पीटा कि गर्भपात हो गया। पीडि़त महिला ने कोतवाली पुलिस, यूपी 100, 181 समेत कई सरकारी सेवाओं की मदद ली, लेकिन उसकी किसी ने नही सुनी।
शहर के सरायथोक पूर्वी निवासी गौरी पत्नी अनिल दीक्षित ने बताया कि बीती 05 मार्च को उसे ससुरालीजनों ने बेरहमी से पीटा। जेठ अतुल दीक्षित ने पेट पर लात मार दी। इससे पेट मे पल रहा नवजात मर गया। पिटाई के बाद उसे घर से भी निकाल दिया गया। आरोप है न्याय के लिए जब वह स्थानीय कोतवाली पुलिस के पास गई तो पुलिस ने शुरुआत में थोड़ी तत्परता दिखाई, लेकिन बाद में सुलह का दबाव डाला जाने लगा। बेघर हुई महिला न्याय के लिए हुक्मरानों के चक्कर लगा रही है। उसने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना यूपी 100 व 181 से भी मदद मांगी, यूपी 100 पुलिस मौके पर गई लेकिन ससुरालीजनों ने गेट नही खोला। महिला का कहना है कि वह बेघर हो चुकी है, ऐसे में उसे न्याय नही मिला तो आत्मदाह के लिए कोई चारा नही होगा।