आरोपित के साथ पीड़ित को भी हवालात

कछौना कोतवाली क्षेत्र के गांव कोरिहना निवासी ओम प्रकाश ने बताया कि वह बीते शुक्रवार को अपने खेत मे धान की सिंचाई कर रहा था। इसी बीच पुरानी रंजिश के चलते अकेला देख गांव के ही लवकुश व उसका पुत्र अखिलेश खेत पर जाकर गालीगलौच करने लगे। विरोध करने पर फावड़ा लेकर मारने दौड़े। पीड़ित ने यह भी बताया कि अकेला समझ कर उसने ज्यादा विरोध नही किया।

उक्त दोनों पिता पुत्र दोपहर घर गए और उसकी पत्नी को दरवाजे पर सरेआम भद्दी-भद्दी गालियां दीं। गाली देने पर पत्नी ने विरोध किया तो अश्लील शब्दों के साथ साड़ी खींच ली। गांव वालों ने बीच बचाव किया। उसने कोतवाली पर तहरीर दी। सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाकर आरोपितों के साथ उसे भी हवालात में बन्द कर दिया।

उक्त प्रकरण के बाबत हलका इंचार्ज उपनिरीक्षक पुष्कर वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में गालीगलौच हुआ है, इसलिए दोनों का शांतिभंग की धारा 151 में चालान कर उपजिलाधिकारी सण्डीला की कोर्ट में पेश किया गया है। जहाँ से दोनों पक्ष निजी मुचलके पर छोड़ दिये गए हैं। यह तो मात्र एक उदाहरण है। आये दिन इस तरह के प्रकरण थाने में आते हैं। जिसके चलते क्षेत्रवासियों का पुलिस के प्रति विश्वास कम होता जा रहा है।