उत्‍तर प्रदेश के हापुड में एक रासायनिक कारखाने में हुई दुर्घटना, 9 लोगों की मौत, 15 घायल।

उत्तर प्रदेश में आज हापुड़ जिले में एक रासायनिक कारखाने में हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए हैं। कई दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है। फैक्ट्री में बॉयलर फटने के बाद यह धमाका हुआ।

 हापुड़ के महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि 14 घायलों को अस्‍पताल में दाखिल कराया गया है। उन्‍होंने कहा कि विस्फोट के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद ने हापुड़ दुर्घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने ट्वीट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की है।

उत्‍तर प्रदेश के हापुड में एक रासायनिक कारखाने में हुई दुर्घटना को ह्दयविदारक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में मृतकों के परिजनों को अपनी संवेदनाएं प्रेषित की है। उन्‍होंने कहा है कि राज्‍य सरकार घायलों के उपचार के लिए कदम उठा रही है और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।