भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय १० जनवरी को १० हज़ार विद्यार्थियों को भाषाशुचिता का ज्ञान करायेंगे

‘हिन्दी-संसार’ एक ऐसा शैक्षणिक-दैक्षणिक संस्थान है, जहाँ से विद्यार्थी यथोचित अनुशासन और संस्कार ग्रहण करने के अनन्तर समाज को समुचित दिशाभान कराने की भूमिका मे लक्षित होते हैं।

जो विद्यार्थी मेधावी और प्रतिभावान् होते हैं, उन्हें उस संस्थान की ओर से समुचित प्रोत्साहन दिया जाता है। उसी शृंखला के अन्तर्गत ‘उत्तरप्रदेश हिन्दी प्रतिभा खोज परीक्षा–3’ की विजेता-विजेत्रियों को उक्त संस्थान की ओर से ‘विश्व हिन्दी-दिवस’ (१० जनवरी) के अवसर पर आयोजित किये जानेवाले शैक्षिक समारोह मे भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप मे संस्थान की ओर से सहस्राधिक धनराशि प्रदान कर, उनके मनोबल मे अभिवृद्धि करेंगे।

आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय अपनी ओर से वरीयता-क्रम मे तीन विजेता-विजेत्रियों को क्रमश: अपनी तीन कृतियाँ :– ‘यूनीक सामान्य हिन्दी एन्साइक्लोपीडिया’, ‘समग्र सामान्य हिन्दी’ तथा ‘प्रामाणिक सामान्य हिन्दी’ पारितोषिक के रूप मे प्रदान करेंगे।

आचार्य का कहना है, “उक्त संस्थान के सभागार मे १० हज़ार विद्यार्थियों को सम्बोधित करते समय ऐसा लगेगा :– कितना उत्तम होता, यदि ‘न्यूनतम एक लाख’ विद्यार्थी मेरे सामने होते, जिन्हें मै भाषा, भाषाशास्त्र/विज्ञान, व्याकरण तथा संरचना का आद्यन्त (‘आद्यान्त’ अशुद्ध है।) बोध कराता; वे सब मुझसे प्रश्न-प्रतिप्रश्न करते और मै उत्तर-प्रत्युत्तर देकर उनकी उत्सुकता-जिज्ञासा का प्रशमन करता।”