उन देशों के खिलाफ कार्रवाई हो, जो आतंकियों को पनाह देते हैं: भारत

भारत ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह उन देशों के खिलाफ कार्रवाई करे, जो आतंकियों को पनाह देते हैं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध व्यवस्था को प्रभावित करने सहित ऐसे तत्वों का बचाव करने के लिए आगे आते हैं।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कल घाना की अध्यक्षता में 15 राष्ट्रों की परिषद के अंतर्गत खुली बहस में हिस्सा लेते हुए यह टिप्पणी की। बहस का विषय था – स्थायी शांति के लिए अपेक्षित कार्रवाइयों में एकीकृत अनुकलन निर्माण।

श्री क्‍वात्रा ने कहा कि आतंकवाद की चुनौती के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकी ताकतों को रोकने के लिए हमें मिल कर वित्तीय संसाधन जुटाने चाहिए।

श्री क्‍वात्रा ने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों पर बल दिया और कहा कि इस बारे में समग्र दृष्टिकोण अपनाना सम की मांग है। उन्होंने शांति स्थापना आयोग के सक्रिय सदस्य के रूप में भारत की भूमिका को उजागर किया। बाद में विदेश सचिव ने न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस सहित विश्व संगठन के शीर्ष नेताओं से भेंट की और चिंताजनक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।