जिलाधिकारी द्वारा पढ़ाया गया पाठ न आया रास, चला कार्यवाही का चाबुक

रिपोर्ट- पी. डी. गुप्ता


कछौना(हरदोई): जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने दो परिषदीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया जिसमें गंदगी पाए जाने पर एक सफाईकर्मी को निलंबित किया गया व दो अध्यापकों के  विद्यालय में अनुपस्थिति होने पर उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्यवाही की संस्तुति जिला प्रशासन को भेज दी है।
बताते चलें कि विकास खंड कछौना के परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने व मॉडल स्कूल बनाने के लिए गोद लिया गया है । जिसके अंतर्गत मंगलवार को रसखान प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा अधिकारियों, अध्यापकों, ग्राम प्रधानों, प्रबंध समिति के सदस्यों को पाठशाला में भावपूर्ण अपील की थी कि हम सब मिलकर बेहतरी के लिए कार्य करेंगे जिसके लिए हम लोग अभी से जुट जाएं । परंतु जिलाधिकारी की भावपूर्ण अपील का अधीनस्थ लोगों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा । जिसकी जमीनी हकीकत में जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह को प्राथमिक पाठशाला हथौड़ा में गंदगी का अंबार मिला । जिस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सफाई कर्मी ओमप्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राथमिक पाठशाला भानपुर में निरीक्षण के दौरान बच्चों को अभी तक स्वेटर ना बांटे जाने पर कड़ी फटकार लगाई गई है और विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल ना होने पर नौनिहाल छात्रों को शिक्षण कार्य में असुविधा का सामना करना पड़ता है, जिसके निर्माण हेतु उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की गई व दोनों विद्यालयों में दो शिक्षक अनुपस्थित पाए जाने पर इनके खिलाफ एक दिन का वेतन काटने जाने की संस्तुति जिलाधिकारी से की गई है । वहीं ब्लॉक में तैनात खंड प्रेरक विमलेश बाजपेई द्वारा स्वच्छता अभियान का सही ढंग से क्रियान्वयन ना होने पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई । उन्होंने बताया कि यह निरीक्षण अभियान अनवरत जारी रहेगा जिसमें ग्राम पंचायत के सचिवों को अपने रोस्टर के हिसाब से रूकना पड़ेगा एवं वहीं सफाई कर्मियों को ग्राम सभा के रोस्टर के हिसाब से स्वयं सफाई कार्य करना पड़ेगा । शिकायत मिलने पर सीधे बर्खास्त की कार्यवाही की जाएगी। इस निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान एडीओ पंचायत दीपक श्रीवास्तव मौजूद रहे ।