पाली (हरदोई)- पचदेवरा थाना क्षेत्र के मैकपुर गांव में राशन लेने गई महिलाओं से कोटेदार द्वारा अश्लील हरकतों के साथ अभद्रता करने से गुस्साई सैकड़ो महिलाएं पचदेवरा थाने पहुंच गई। कोटेदार पर कार्यवाही को लेकर इन महिलाओं ने थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
विकास खंड भरखनी की ग्रामसभा मैकपुर में पात्र गृहस्थी व अंत्योदय लाभार्थियों को सस्ते दर पर राशन उपलब्ध कराने का जिम्मा कोटेदार हबीब खां के पास हैं। पूर्ति विभाग के नए नियमों के मुताबिक राशन वितरण के लिए कोटेदारों को ई पाश मशीने दी गई हैं। लेकिन सर्वर फेल रहने की बजह से यह मशीनें अक्सर खराब रहती हैं, जिसका फायदा कोटेदार उठाते हैं। गांव की नन्ही देवी के मुताबिक जब वह तमाम महिलाओं के साथ रविवार को कोटेदार हबीब खां के पास राशन लेने पहुंची तो उसने ई पाश मशीन खराब होने की बात कहते हुए राशन देने से इंकार कर दिया। लेकिन जब महिलाएं अड़ गई तब आरोप हैं कि कोटेदार ने अश्लील हरकतें करते हुए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
महिलाओं का आरोप हैं कि कोटेदार ने महिलाओं से रात में राशन लेने आने को कहा साथ ही कहा कि मशीन सही नहीं होगी फिर भी वह राशन देंगे इसके अलावा बेहूदा शब्दों का प्रयोग किया। राशन देने की बजाए अश्लील हरकतों के साथ अभद्रता करने से गुस्साई महिलाएं ट्रैक्टर ट्राली से सोमवार को पचदेवरा थाने पहुंची। नन्ही देवी के नेतृत्व में इन महिलाओं ने पचदेवरा थानाध्यक्ष श्री सरोज से कोटेदार के खिलाफ कार्यवाही को लेकर तहरीर दी।थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि कोटेदार हबीब खां पर महिलाएं राशन न देने के साथ साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा रहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।