हरपालपुर- कस्बे के डाकघर में तैनात उप डाकपाल राधेश्याम कठेरिया के विरुद्ध छः बॉन्डों का ₹30000 धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगाते हुए न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र गंगा नारायण ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसने डाकघर हरपालपुर तीस हजार रुपये के छः बान्ड खरीदे थे।जिनके भुगतान की अवधि पूरी होने पर भुगतान के लिए जब डाक घर गया तो डाकपाल राधेश्याम कठेरिया ने परिचय पत्र की कापी समेत सादे कागजातों पर उसके हस्ताक्षर कराकर कुछ समय बाद भुगतान के लिए आने को कहा। भुगतान के लिए उप डाकपाल लगातार उसे टरका रहे थे।आरोप है कि उप डाकपाल राधेश्याम कठेरिया ने बांड खो जाने का बहाना बना कर फर्जी तरीके से किसी साथी के नाम चेक से वांण्डो का भुगतान करा लिया।तथा उसे गाली गलौज करते हुए जान माल की धमकी देकर भगा दिया।इस मामले में थाने से लेकर उच्चाधिकारियों से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए फरियाद की गई। परंतु कोई कार्यवाही नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली।न्यायालय के आदेश पर उप डाकपाल राधेश्याम कठेरिया के विरुद्ध धोखाधड़ी व जान माल की धमकी देने के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट- जितेन्द्र श्रीवास्तव