जहरीली शराब पीकर घर आए बुजुर्ग की हालत बिगड़ गई और फिर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।
सांडी थाना क्षेत्र के घटकना गांव निवासी ऋषिराम कुशवाहा शराब का आदी था। भतीजे रमेश ने बताया कि ऋषिराम शुक्रवार की शाम को शराब के नशे में घर आया था। घर पर हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान ऋषिराम की मौत हो गई। परिजनों का कहना है शराब जहरीली होने के कारण मौत हुई। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों के मुताबिक ऋषिराम के तीन पुत्र परमेश, अगनेश, पृथ्वीराज हैं, जिसमें परमेश की शादी हो चुकी है। पुत्री सुनीता और विनीता हैं, जिसमें सुनीता की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बोले जिम्मेदार
जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि जहरीली शराब पीने से मौत होने का आरोप गलत है। जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत नहीं हो सकती है। शराब जहरीली होती तो कई लोग इसकी चपेट में आते।