आज संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद चर्चा हुई । भोजनावकाश के बाद राज्यसभा में चर्चा की शुरूआत करते हुए आल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी की विजिला सत्यानंथ ने केंद्र से गोदावरी और पलार नदियों को जोड़ने के लिए कहा । तमिलनाडु में पटाखा निर्माताओँ के हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं कर रहे हैं । मालूम हो कि राज्य के आठ लाख से अधिक परिवार पटाखा उद्योग पर निर्भर हैं ।
चर्चा में बीजू जनता दल के दिलीप तिर्की, शिवसेना के संजय राउत और भाजपा के ला गणेशन ने भाग लिया । चर्चा अधूरी रही और इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई । सभापति एम०वेंकैया नायडू द्वारा विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के नोटिसों को खारिज करने को लेकर हुए हंगामें के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
सदन को बार-बार स्थगित करने को विवश किए जाने को लेकर राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि इससे लोगों में संसद के प्रति नकारात्मक छवि बन रही है । श्री नायडू ने कहा कि जब से उन्होंने सभापति के रूप कार्यभार संभाला है, तब से विभिन्न पार्टियों के नेता नाराजगी जता रहे हैं कि उन्हें सदन में जनहित के मुद्दे उठाने से वंचित किया जा रहा है, क्योंकि कुछ पार्टियां रणनीति के तहत सदन की कार्यवाही बाधित कर स्थगित करने के लिए विवश कर रही हैं । श्री नायडू ने कहा कि उन्होंने कई अवसरों पर अपनी इस चिंता को नेताओं के साथ साझा किया है ।