प्रेमी से एक अप्रैल को शादी करने जा रही युवती को उसके चचेरे भाई ने चाकू से गला रेत कर मौत के घाट उतारने वाले हत्यारे को अतरौली पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।थानाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र के मुताबिक मामला ऑनर किलिंग का था और आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है।
बतादें कि अतरौली थाना क्षेत्र के लौलीखेड़ा निवासी महिपाल की पुत्री बबली (18) का गांव के ही दीपक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। महिपाल शुरू में विरोध कर रहे थे। बबली चार बहनों में सबसे छोटी थी और एक भाई उससे भी छोटा है। दीपक महिपाल की ही बिरादरी का है। पुत्री की जिद पर महिपाल दोनों की शादी के लिए तैयार हो गए। पुलिस के अनुसार एक अप्रैल को दोनों की शादी होनी थी। महिपाल का भतीजा सुशील पुत्र सुरेंद्र शुरू से ही इस शादी का विरोध कर रहा था, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई।
बुधवार की देर शाम बबली शौच के लिए जा रही थी उसी समय सुशील पीछे से आ गया और उसने चाकू से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। बबली के परिजन सुशील और उसके दो अन्य साथियों पर आरोप लगा रहे हैं। थानाध्यक्ष दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि सुशील ने ऑनर किलिंग के चलते अपनी चचेरी बहन की हत्या की थी।तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।