वन्य जीव प्राणी सप्ताह के अंतर्गत हुआ जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई) । उत्तर प्रदेश के वन विभाग के निर्देश पर प्रदेश के समस्त जनपदों में 1 से 7 अक्टूबर तक वन्य जीव प्राणी सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न वन रेजों में वन एवं वन्य प्राणियों के सुरक्षार्थ जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में वन रेंज कछौना के द्वारा मंगलवार को विकासखंड कछौना की ग्रामसभा खजोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि उपवन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी वी.के.आनंद ने उपस्थित लोगों व विद्यालय के छात्र छात्राओं को पर्यावरण में वन व वन्यजीवों के महत्व के बारे में विस्तृत रूप से बताते हुए वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षार्थ सहयोग किए जाने की अपील की। इस दौरान उपस्थित नागरिकों और नौनिहाल बच्चों ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा की शपथ ली। इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय के नौनिहाल बच्चों ने आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के आयोजन में भागीदार करते हुये चित्रों के माध्यम से वन्यजीवों की पर्यावरण में उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागी विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर हौसला अफजाई की गई। इस अवसर पर शिक्षक ऋषि यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी कछौना रामचंद्र, इंद्र बहादुर, एस एस दोहरे, विवेक त्रिवेदी, प्रधान पति सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।