बसपा ने ब्राह्मणों पर डोरे डालने शुरू किये

लखनऊ ब्यूरो :

2022 चुनाव के करीब आते-आते ही सभी पार्टियां अपने पूरे दमखम के साथ अपनी नीवँ को फिर से मजबूत करने में लग गयी हैं। ये बात जगज़ाहिर है कि सभी पार्टियों का अस्तित्व ही जाति-धर्म की राजनीति से जुड़ा हुआ है। कभी कोई टोपी पहन के वर्ग विशेष को अपनी तरफ आकर्षित करता है, तो कोई जनेऊ धारण कर जनता को आकर्षित करने का भरपूर प्रयास करता है। इसी क्रम में आगामी चुनाव की तैयारियों में बीएसपी प्रमुख बहन कुमारी मायावती भी कोई कसर नहीं छोड़ रहीं हैं।

आगामी चुनावों के मद्देनजर यूपी में बीएसपी ब्राह्मण सम्मेलन की शुरुआत करने जा रही है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में बीएसपी ब्राह्मण सम्मेलन की शुरुआत कर ब्राह्मण वर्ग को आकर्षित कर अपनी नीवँ को मजबूत करने का भरसक प्रयास करेंगी।

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में होने वाले ब्राह्मण सम्मेलन की अगुवाई बीएसपी महासचिव सतीश चंद्र मिश्र करेंगे।

2022 चुनाव के पहले बीएसपी बड़ी तैयारी कर पूरे दमखम के साथ चुनाव में उतरेगी। जानकारी के मुताबिक ब्राह्मण सम्मेलन की शुरुआत अगले हफ्ते से की जा सकती है, वहीं बीएसपी इस बार 80 से 90 ब्राह्मणों को टिकट देने का विचार कर रही है।