प्रधानमंत्री आवास की दूसरी क़िस्त के लिए दर-दर भटक रहा आवेदक

प्रधानमंत्री के सपनों पर अधिकारी फेर रहे पानी

कछौना (हरदोई):- प्रधानमंत्री की मंशा है कि हर आवासहीन परिवार को एक अदद छत अवश्य मुहैया हो जाए । जिसके तहत ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पात्रता सूची 2011 से छोटे परिवारों की सूची तैयार होनी थी जिसकी पात्रता सूची ग्राम सभाओं की ग्राम पंचायत घर में चस्पा करने का प्रावधान था । लेकिन ग्राम प्रधान व विभागीय अधिकारियों के गठजोड़ के चलते वह सूची गुपचुप तरीके तैयार करके फाइलों में कैद हो गई है। भारत सरकार की वेबसाइट पर अपलोड होनी थी। सरकार की मंशा पर विभागीय अधिकारियों ने पलीता लगा दिया। पारदर्शिता की बातें फाइलों में कैद हो गईं।

विकासखंड कछौना की ग्रामसभा भानपुर की महिला अनीशा को काफी जद्दोजहद के बाद आवास योजना का लाभ वर्ष 13-14 में मिल गया उसे पहले क़िस्त की धनराशि ₹35000 मिली जिसमें निवर्तमान ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी ने गुमराह करके ₹10000 का सुविधा शुल्क ले लिया लेकिन आज 5 वर्ष बीत जाने के बाद भी दूसरी किस्त का भुगतान नहीं मिला। वह गरीब महिला ग्राम प्रधान से ब्लॉक मुख्यालय जिला मुख्यालय लगातार दौड़ लगा रही है लेकिन उसे दूसरी किस्त का अभी तक भुगतान नहीं मिला जिसके कारण उसका आवास अधूरा पड़ा है। वह खुले आसमान के नीचे बिना छत के नीचे जीवन यापन करने को विवश है।

इस संदर्भ में खंड विकास अधिकारी ने बताया कि जिला ग्राम विकास अभिकरण हरदोई स्तर से समस्या के कारण दूसरी किस्त का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। सिस्टम का खामियाजा के चलते ग्रामीण महिला दर-दर भटकने को विवश हैं।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता