मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के द्वारा किया गया ‘महामना गो ग्राम’ का भूमि पूजन

पवित्र तीर्थस्थल वृन्दावन के चैतन्य विहार में मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी के द्वारा ‘महामना गो ग्राम’ का भूमि पूजन किया गया । श्री योगी ने कहा कि गो ग्राम की स्थापना से ब्रज क्षेत्र के गांवों में गो आधारित अर्थव्यवस्था के विकास और जैविक खेती की तकनीक को प्रोत्साहन मिलेगा । ‘महामना गो ग्राम’ में वृहद स्तर पर गोपालन और गायों की उत्तम देशी नस्लों का संरक्षण व संवर्धन होगा । ब्रज के 108 गांवों में किसानों को देशी नस्ल की गाय उपलब्ध करवाने के साथ जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित कर दुग्ध उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे ।

मुख्यमन्त्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत को भारत की दृष्टि से देखने की बात यदि किसी महापुरुष ने की, तो वह पंडित दीनदयाल जी थे। उनका कहना था कि जब हम भारत को भारत की दृष्टि से देखने का प्रयास करेंगे,तभी देश को अभ्युदय की ओर ले जा पाएंगे । मथुरा के ‘उ.प्र. पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो- अनुसंधान संस्थान’ में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा का अनावरण व दीनदयाल छात्रावास का लोकार्पण भी इस मौके पर किया गया । इस मौके पर 214.15 करोड़ रु. की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण व 8 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।