भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात

दीपक कुमार श्रीवास्तव :

कछौना (हरदोई)। पार्टी शीर्ष नेतृत्व के द्वारा देश भर में प्रत्येक बूथ पर पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए जारी निर्देश के क्रम में रविवार को जनपद हरदोई के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यालयों व बूथों पर सुबह 11:00 बजे से भाजपा नेताओं, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सामूहिक बैठकर प्रधानमंत्री के मन की बात को रेडियो माध्यम से सुना। इसी क्रम में भाजपा कछौना मंडल में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रसारण को सुना। पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आत्मनिर्भर भारत और 2020 से सीख लेने की बात कही।

रविवार सुबह कस्बा कछौना में भाजपा युवा मोर्चा व मंडल के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने सामुहिक रूप से एकत्र होकर रेडियो के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। पीएम ने साल 2020 के आखिरी मन की बात कार्यक्रम में विभिन्न मुद्दों पर बात करते हुए आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया।

भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि रविवार सुबह रेडियो पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान पीएम की ओर से जारी दिशा निर्देशों पर कार्यकर्ताओं से अमल करने और लोगों को जागरूक करने की अपील की गई है। इस अवसर पर जिला प्रतिनिधि एवं नामित सभासद ब्रह्म कुमार सिंह, संजय सिंह, अटल सिंह, नृपेंद्र सिंह, पूर्व मंडल महामंत्री अनूप दीक्षित, शीलू सैनी, आदित्य गुप्ता आदि मौजूद रहे।