शुक्रवार की शाम पाली रोड पर सवारियों से खचाखच भरी एक बस अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गई । बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई । इस हादसे में 1 दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं । आधा दर्जन लोगों की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है ।
शाहाबाद पाली मार्ग पर चलने वाली एक प्राइवेट बस तकरीबन 3 : 00 बजे यात्रियों को बासित नगर चौराहे से लेकर पाली के लिए रवाना हुई । बस तेज रफ्तार होने के कारण ग्राम सफीपुर के पास अनियंत्रित होकर 20 फिट गहरी खाई में जा गिरी । जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई । पास-पड़ोस के ग्रामीणों तथा राहगीरों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया । सूचना पाकर शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को शाहाबाद सीएससी पहुंचाने में मदद दी । इस हादसे में घायल थाना पाली ग्राम बाबरपुर निवासी राम बहादुर पुत्र चंद्रप्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई । गंभीर रूप से घायल छोटे लाल, प्रमोद पुत्र उजागर, जसवीर पुत्र रामस्वरूप, कृष्णकांत पुत्र रामबहादुर, श्री राम की गंभीर हालत होने के कारण हरदोई रेफर कर दिया गया है । काजल पुत्री गुड्डू , उर्मिला पत्नी गुड्डू निवासी ग्राम आगमपुर, सत्यवती पत्नी नन्हे, ओमवती पत्नी ओमप्रकाश, जसवीर पुत्र राम ललित निवासी ग्राम जेवरा थाना पाली, राम कुंडली पत्नी राम निवास ग्राम कुर्सेला आदि मामूली रुप से घायल हुये हैं । रामबहादुर की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया । सूचना पाकर परिजन शाहाबाद सीएचसी पहुंचे । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।