राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भी भारी वर्षा और आंधी आने की संभावना

उत्‍तराखंड में पिछली रात से केदारनाथ और बद्रीनाथ में लगातार हिमपात हो रहा है। लामबगड़ में वर्षा के कारण भूस्‍खलन की भी घटना हुई है, जिससे हिमालय पर्वत क्षेत्र में स्थित पूजास्‍थलों के यात्रियों को कई घंटे तक अवरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि अब यात्रा के मार्ग खोल दिए गए हैं और कोशिश की जा रही है कि बद्रीनाथ और लामबगड़ के बीच फंसे हुए वाहन रवाना कर दिए जाएं।

केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने स्थिति की समीक्षा के सिलसिले में उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री त्रिवेन्‍द्र सिंह रावत से टेलीफोन पर बातचीत की और किसी आपात स्थिति में सहायता की पेशकश की। आज रात राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भी भारी वर्षा और आंधी आने की संभावना है। देश के दक्षिणी भाग में आज और कल आंधी और भारी वर्षा की चेतावनी जारी कर दी गई है।