कछौना, हरदोई। कोविड महामारी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए शासन ने अपने जनप्रतिनिधियों को अस्पतालों में जाकर जमीनी हकीकत से रूबरू होकर समीक्षा करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में मंगलवार को नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में व्याप्त गंदगी को लेकर प्रभारी अधीक्षक को साफ सफाई कराने का निर्देश दिया।
अस्पताल परिसर में सामने का हिस्सा विवादित होने के कारण बाउंड्री वाल न होने के कारण व नगर पंचायत द्वारा बनी नाली का हिस्सा टूटे होने के कारण नगर का पानी अस्पताल परिसर में आता है। जिसके कारण हमेशा अस्पताल परिसर में जलभराव रहता है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने की प्रबल संभावना बनी रहती है। ओपीडी कक्ष में जाकर डॉ० शक्तिभूषण से मरीजों के इलाज के बारे में जानकारी ली। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। टीकाकरण कक्ष में जाकर वैक्सीनेशन, रखरखाव की अपडेट ली। सत प्रतिशत टीकाकरण कराने के लिए तेजी लाने के लिए प्रभारी अधीक्षक को निर्देश दिया।
लोगों में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता के लिए सार्वजनिक स्थलों पर टीकाकरण अभियान के तहत होर्डिंग लगाने का भी निर्देश दिया। प्रभारी अधीक्षक ने बताया शिक्षा विभाग से पर्याप्त सहयोग न मिलने के कारण 12 वर्ष के ऊपर के बच्चों का टीकाकरण की प्रगति काफी धीमी है। जिस पर उन्होंने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को सहयोग करने की बात कही। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे टेक्निशियन की तैनाती है, परंतु एक्सरे मशीन न होने के कारण आम जनमानस को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है। जिस पर विधायक ने बताया इस संदर्भ में शासन स्तर से एक्सरे मशीन की सुविधा शीघ्र मुहैया कराई जाएगी।
इस दौरान प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, पूर्व ग्राम प्रधान गौतम कनौजिया, शिरीष मिश्रा, युवा भाजपा नेता राहुल अग्रवाल, मयंक सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता