नौनिहालों ने अपने खेल कौशल का दिया परिचय, राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाठशाला में हुआ खेल समारोह का आयोजन

दीपक कुमार श्रीवास्तव, कछौना-

कछौना/गौसगंज (हरदोई) – जनपद के गौसगंज क्षेत्र के कहली स्थित पाठशाला द ग्लोबल स्कूल में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस व हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रबंधक अवनीश सिंह के निर्देशन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत पाठशाला द ग्लोबल स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव ने मां सरस्वती, बजरंगबली तथा हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर की। खेल समारोह के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के खेल प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के बच्चों ने प्रतिभाग करते हुए अपने खेल कौशल का परिचय दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव ने समारोह में बच्चों को संबोधित करते हुए मेजर ध्यानचंद के जीवन व खेल के महत्त्व के बारे में संक्षिप्त रूप से बताया कि मेजर ध्यानचंद का जन्म दिवस 29 अगस्त सन् 1905 को हुआ था और इस दिन को पूरे भारतवर्ष में खेल दिवस के रूप में मनाते हैं । मेजर ध्यानचंद हॉकी के महान खिलाड़ी एवं कप्तान थे। भारत एवं विश्व हॉकी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में उनकी गिनती होती है। वे तीन बार ओलम्पिक के स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे । उनकी जन्मतिथि को भारत में “राष्ट्रीय खेल दिवस” के रूप में मनाया जाता है । उन्होंने कहा कि खेल सभी के व्यस्त जीवन में विशेष रूप से विद्यार्थियों के जीवन में बहुत महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता हैं। यहाँ तक कि पूरे दिन में से कम से कम थोड़े से समय के लिए सभी को खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

खेल बहुत ही आवश्यक है क्योंकि, खेलों में नियमित रूप से शामिल होने वाले व्यक्ति में शारीरिक और मानसिक तंदरुस्ती लाता है। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि सुकून और आराम का जीवन जीने के लिए हम सभी को स्वस्थ मस्तिष्क और स्वस्थ शरीर की आवश्यकता होती है । स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क प्राप्त करने के लिए सभी को किसी न किसी प्रकार की शारीरिक गतिविधि में अवश्य शामिल होना चाहिए, जिसके लिए खेल सबसे अच्छा तरीका है।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक आशीष, प्रियांशी, मनीष, गुलफ़शां, ऋषि, सुकीर्ति, रिया, उमकुलशुम, शशि प्रभा, शशि, दीप्ति, आलोक, ममता, पूनम, श्याम व कार्यक्रम के आयोजन में विशेष सहभागिता निभाने वाले खेल प्रशिक्षक शुभ मंडल मौजूद रहे ।