दीपक कुमार श्रीवास्तव, कछौना
- किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति में पुलिस को दे तत्काल सूचना
कछौना (हरदोई) – प्रदेश में बच्चा चोरी की अफवाहों का दौर जारी है, जिसके परिणाम स्वरुप अभी तक प्रदेश के के कई जिलों में अराजक तत्वों द्वारा बच्चा चोरी की फैलाई जा ही अफवाहों के बाद भीड के द्वारा हिंसा की घटनाएं लगातार प्रकाश में आ रही हैं ।
पुलिस विभाग ने बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने का फैसला किया है । प्रदेश के पुलिस विभाग के डीजीपी ओपी सिंह ने अफवाह और हिंसा का कृत्य करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध रासुका के तहत कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए हैं । जिसके तहत प्रदेश के सभी जिलों के कप्तानों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं । बृहस्पतिवार को जनपद हरदोई की कोतवाली कछौना के प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में अभी तक बच्चा चोरी का कोई भी मामला प्रकाश में नहीं आया है, प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफॉर्मो पर चल रही है ऐसी अफवाहों पर ध्यान ना दें और उन्हें शेयर करते हुए आगे ना बढ़ाएं ।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि अफवाह फैलाने से हो रही हिंसा के मामलों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग तत्पर है । सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की भ्रामक सूचना/अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी । किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में ना लें और तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल 100, जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दें ।