मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना 

मनोज तिवारी (मान्यताप्राप्त पत्रकार)

उत्तर प्रदेश के जिले हरदोई के आर०आर० इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे प्रदेश के आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश राजनीति में कभी बड़े नहीं हो पाएंगे। उन्होंने राहुल गांधी की सजा को लेकर कहा कि देश कानून के आधार पर चलता है जो गलत करेगा तो कानून अपना काम करेगा। फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भी उन्होंने कहा कि, यह वहीं लोग हैं जो राम मंदिर का सबसे ज्यादा विरोध किया करते थे।

बता दें कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 964 हिंदू जोड़ों का विवाह संस्कार व 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। इस दौरान नितिन अग्रवाल ने कहा इस सरकार का मुख्य मकसद है कि गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न कराकर उनको आर्थिक मदद देना। साथ ही विवाह कराना भी पुनीत कार्य है और मुख्यमंत्री की महत्वकांक्षी योजना है। आसिफ के सारस को लेकर अखिलेश यादव के द्वारा दिए गए बयान पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि, अखिलेश राजनीति में बड़े नहीं हो पाएंगे, उनके ऐसे बयानों से वह हंसी का पात्र बनते हैं

नितिन अग्रवाल ने कहा कि मैं समझता हूं कि उनको अब यह समझ लेना चाहिए कि वह एक जिम्मेदार पद पर हैं और उन्हें जिम्मेदारीपूर्ण बयान देना चाहिए। राहुल गांधी को दो वर्ष की सजा पर कांग्रेस के बवाल पर उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा। कांग्रेस मामले का राजनीतिकरण करना चाहती है और कांग्रेस यह कर भी रही है। लेकिन जनता सब देख और समझ रही है। उन्होंने कहा कि हमारा देश कानून के आधार पर चलता है। अगर किसी ने गलत किया तो कानूनी कार्रवाई होती ही है। अब किसी नेता पर कार्रवाई होती है तो आरोप लगा देता है कि सरकार ऐसा करा रही है, जबकि सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है। अगर कोई कानून अपने हाथ में लेगा तो कानून उस पर सख्त कार्यवाही करेगा।

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान पर उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला जैसे नेताओं के मुंह से भगवान राम का नाम निकलने लगा, नहीं तो यही लोग राम के नाम को भी बोलने से कतराते थे। इन लोगों ने राम मंदिर का भी सबसे ज्यादा विरोध किया। जब कांग्रेस सरकार थी तो कोर्ट में बार-बार यही लोग राम मंदिर का विरोध करते थे। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार में मंदिर बन रहा तो शायद अब इनको भगवान राम की याद आ रही है।