मतदात्री-मतदातावृन्द! सावधान

देश के सम्मानित मतदात्री-मतदातावृन्द!

भारत के इतिहास मे उसके लोकतन्त्र, संवैधानिक संस्थानो तथा शासकीय तन्त्र के साथ इतना बल-प्रयोग नहीँ किया गया था जितना इन दिनो किया जा रहा है; सत्ताप्राप्ति के लिए भारतीय समाज मे घृणा और विभाजन का वातावरण इतना कभी नहीँ था जितना वर्तमान सरकार के कारण ‘आज’ दिख रहा है तथा सत्ता-लोलुपता के लिए ‘राष्ट्रियता’/’राष्ट्रीयता’ जितनी आज संकट मे है उतनी इससे पहले कभी नहीँ थी।

वर्त्तमान सरकार-संचालकोँ ने विगत दस वर्षोँ से जिस दम्भ, अहंकार, निर्ममता तथा निरंकुशता के साथ भारतीय लोकतन्त्र का गला दबाये रखा है, उसके प्रति हमारी-आपकी संवेदना जाग्रत् रहे, अन्यथा देश-राष्ट्र की मूलभूत अस्मिता और अस्तित्व को राजनैतिक ग्रहण लगना निश्चित है, फिर यही लोकोक्ति हमारे-आपके मन-मस्तिष्क को प्रतिपल आहत करता लक्षित होता रहेगा, “अब पछताये होत का, जब चिड़िया चुग गयो (ग्यो) खेत।”