विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभाग आया हरकत में जर्जर, गड्ढेयुक्त मुख्य मार्ग पर कराया रातोंरात डामरीकरण

कछौना (हरदोई): लखनऊ-हरदोई मार्ग पर बीएसएनएल विभाग के निकट पुलिया निर्माण हेतु छोड़े गये स्थान पर गहरे गड्ढे होने के कारण आये दिन हादसों में इज़ाफ़ा हो गया था जिस समस्या को “जय हिंद जय भारत मंच” ने प्रमुखता से विधायक सण्डीला राजकुमार अग्रवाल, जिलाधिकारी व लोक निर्माण मंत्री से अवगत कराया था। जिस पर पूरे मामले की गम्भीरता को ध्यानगत रखते हुए विधानसभा सण्डीला के विधायक राजकुमार अग्रवाल ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। जिस पर लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया। रविवार की रात गड्ढों को डामरीकरण कर भर दिया गया, जिससे आमजनमानस को राहत मिली। इस जर्जर मार्ग पर लोगों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
बतातें चलें कि लखनऊ-हरदोई मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया गया था, परन्तु विभाग की लापरवाही के चलते कछौना चौराहे से हरदोई की तरफ लगभग 1 किलोमीटर आगे बीएसएनएल कार्यालय के निकट पुलिया निर्माण हेतु इस मार्ग का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया था, जिसमें कुछ गहरे गड्ढे हो गये थे। मार्ग जर्जर होने के कारण एवं गड्ढे युक्त होने की वजह से कोई न कोई राहगीर इसकी चपेट में आने से बुरी तरह चुटहिल हो जाता था। अक्टूबर माह में इसी जर्जर मार्ग की चपेट में आने से मोटरसायकिल सवार शिक्षक अमृतलाल शर्मा निवासी मतुआ की पत्नी राधारानी की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिलाधिकारी से शिकायत के बाद विभाग ने गढ्डों में मिट्टी डालकर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली। साथ ही विभाग ने धन के अभाव में रोना रोया। इस राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों, एम्बुलेंस, नौनिहाल छात्रों का आवागमन रहता है, दर्जनों बार शिकायत के बाद भी विभाग ने इसकी सुध नही ली। जय हिंद जय भारत मंच ने प्रमुखता से इस समस्या से विधायक राजकुमार अग्रवाल को अवगत कराया। उन्होंने मामले को गंभीरता से समझते हुए इसे विधानसभा में उठाया जिससे विभाग हरकत में आ गया और इस जर्जर गड्ढे युक्त मार्ग पर डामरीकरण कार्य कराकर गढ्डों को बंद कर दिया। इस कार्य को लेकर आमजनमानस ने विधायक का आभार जताया।

रिपोर्ट- पी. डी. गुप्ता