माधौगंज (हरदोई)- विद्युत विभाग के संविदा कर्मियों को आठ माह से मानदेय न मिलने के कारण सभी कर्मियों ने अनिश्चित समय तक कार्य बहिष्कार कर दिया है।
ब्लाक के कुरसठ नगर के 33/11 केवी सबस्टेशन पर तैनात संजीव कुमार वर्मा, आदर्श कुमार, वीरपाल, रोहित कुमार, गौतम, नरेंद्र कुमार सहित 15 संविदा कर्मियों ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर आठ माह के बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की थी। पत्र पर कोई कार्यवाही न होने पर पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी संविदा कर्मी शनिवार से कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कर्मियों का कहना है कि मानदेय न मिलने का कारण उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए है। कर्मचारियों के अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार करने से नगर व क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप्प हो गई है।