हरदोई- वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय को बंद किए जाने को लेकर वित्तविहीन शिक्षक आंदोलित है इसी के सिलसिले में गुरुवार को हरदोई पहुंचे शिक्षक विधायक उमेश चंद्र द्विवेदी ने वित्तविहीन शिक्षकों से संपर्क स्थापित कर कहा कि सरकार शिक्षकों को मानदेय बढ़ा कर दे अन्यथा गांव-गांव विरोध करेंगे।
गुरुवार को हरदोई के बेनीगंज इलाके में पहुंचे और वित्तविहीन शिक्षकों के साथ बैठक की।शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि जब भाजपा सरकार में नहीं थी तब इन्हीं वित्तविहीन शिक्षकों की पैरवी कर रही थी। लेकिन प्रदेश की सत्ता मिलते ही घमंड में वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय बंद कर दिया। अपना हक मांगने पर शिक्षकों और बेरोजगारों पर पुलिस लाठियां चला रही है।विधायक ने बताया कि वित्तविहीन शिक्षक कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर राजधानी में धरना दे रहे थे। इस दौरान शिक्षक दिवस के मौके पर कुछ शिक्षकों ने अपने बाल मुंडवाए, जिनको मुख्यमंत्री ने पिछले जन्मों का कर्म बताया। लेकिन सरकार यह भूल जाती है कि पूरे प्रदेश में वित्तविहीन शिक्षक भीख के बराबर मिले पैसों से शिक्षा की अलख जगा रहे हैं और सरकार को चाहिए कि उनको बढ़ाकर मानदेय दे अन्यथा गांव गांव जाकर वित्तविहीन शिक्षक विरोध में अलख जगायेंगे।