कछौना (हरदोई) : विकासखण्ड कछौना की एक दर्जन ग्रामसभाओं में एक वर्ष से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र का कार्य प्रभावित चल रहा है। जिसके कारण लाभार्थी दर-दर भटकने को विवश हैं। क्षेत्रीय विकास जन आंदोलन के संयोजक रामखेलावन कनौजिया ने जिला प्रशासन से शिकायत की।
नवीन शासनादेश के तहत जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र ग्राम सभाएं निर्गत करेंगी। जिसके लिए आवेदक को 21 दिन की अवधि में ग्राम सभा को लिखित सूचना देना आवश्यक है। मिली जानकारी के अनुसार विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते विकास खण्ड कछौना की ग्राम सभा ज्ञानपुर, मरेउरा, सुन्नी, गौरीफखरुद्दीन, बघौड़ा, निर्मलपुर, नारायण देव, कटियामऊ आदि ग्राम सभाओं में सीआरएस पोर्टल की आईडी एवं पासवर्ड जारी न होने के कारण आवेदक दर-दर भटकने को विवश हैं। प्रमाण पत्र न बनने के कारण आधार कार्ड, जमीन जायदाद, विरासत आदि कार्य प्रभावित हैं।
इस समस्या के संदर्भ में एडीओ पंचायत संतोष कुमार ने बताया कि यूजर आईडी पासवर्ड शासन स्तर से प्राप्त नहीं हुआ है। जिला स्तर पर कई बार इस समस्या के बारे में अवगत कराया है, परंतु अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ है।
रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता