कछौना (हरदोई)। देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर केंद्र सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे “आजादी का अमृत महोत्सव” कार्यक्रम के तहत देश को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देने के लिए आइटीबीपी (भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल) के जवान साइकिल पर निकले हैं। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर से 15 अगस्त को प्रारंभ हुई आईटीबीपी के जवानों की साइकिल रैली 19 सितंबर को नगर कछौना पहुँची। जहाँ उनके स्वागत में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

असिस्टेंट कमांडेंट आशफॉर हुसैन के नेतृत्व में रविवार को कछौना के जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज पहुँचे आईटीबीपी जवानों के 50 सदस्यीय दल में एकता और अनुशासन का संगम नजर आया। विद्यालय के मुख्य द्वार पर गाजे-बाजे की धुनों के बीच आइटीबीपी जवानों का विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ शिवराज सिंह पटेल एवं समस्त स्टाफ के अलावा नगर के गणमान्य लोगों द्वारा फूल माला पहनाकर भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय के छात्रों ने भारत माता की जय, जय जवान जय किसान और वंदे मातरम के तीव्र उद्घोष के साथ पुष्प वर्षा कर जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय कक्ष में छात्रों से रूबरू होते हुए असिस्टेंट कमांडेंट आशफ़ार हुसैन ने छात्रों को देश की आजादी में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से वाकिफ कराते हुए कहा कि जब बात देश की आन-बान और शान पर बन आये तो हर देशवासी को देश प्रेम और एकता की भावना का परिचय देकर देश के सम्मान को बचाने के लिए आगे आना चाहिए। आइटीबीपी जवानों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण एवं सफाई कार्य कर स्वच्छता एवं पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी दिया।
बातचीत के दौरान असिस्टेंट कमांडेंट आशफ़ार हुसैन ने बताया कि अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत आइटीबीपी द्वारा आयोजित साइकिल रिले रैली अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर से 15 अगस्त को आरंभ हुई। जिसमें 50 में से 13 जवान साइकिल से यात्रा कर फिट इंडिया मूवमेंट के प्रति जागरूकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल जहां शारीरिक फिटनेस के लिए उपयोगी है, वहीं पर्यावरण मित्र भी है। साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य देश प्रेम और एकता के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण का संदेश देना है। इसके साथ रैली में भाग ले रहे जवान देश की स्वतंत्रता में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी आम लोगों से साझा कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ शिवराज सिंह, भाजपा उप प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, प्रवक्ता संदीप मिस्र, वीरपाल सिंह, सहायक अध्यापक विनोद हंस, अमित वर्मा, राजेश पटेल महेश पटेल, श्रीश मिस्र, मो एजाज, सुनील कुमार, विनीत मिस्र, सरोज कुमार, प्रदीप कुमार, अरुण दीक्षित, प्राचार्य एसएमडी पटेल महाविद्यालय डॉ दीनानाथ, यसवंत सिंह, ओ पी राठौर, सनोज राठौर आदि गणमान्य लोग और छात्रगण मौजूद रहे।