‘हिन्दू-हिन्दुत्व’ की कुत्सित राजनीति करनेवाले नरेन्द्र मोदी ने हिन्दुओं के लिए क्या किया?

आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

★ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

देशवासी इस विषय पर गम्भीरतापूर्वक विचार करें :– नरेन्द्र मोदी वर्ष २०१४ में चुनाव-पूर्व देश की जनता को दिखाये मीठे सपनों को अपने निर्धारित कार्यकाल में पूरा न कर सकेे और उसके बाद भी उनको दूसरा मौक़ा देश की जनता ने दिये और उसमें भी वे विफल रहे। वे किसके लिए और किस कार्य के लिए प्रधानमन्त्री के पद पर कुण्डली मार कर बैठे हुए हैं, उनकी कार्यशैली को देखते-समझते हुए, इसका औचित्य समझ से परे का बन जाता है। यह तो सुस्पष्ट हो चुका है कि वर्तमान सरकार नितान्त निर्दय है; वह सत्ता पाने के लिए देश की जनता के हाथों में कटोरा थमवा सकती है।

नरेन्द्र मोदी का ‘विकल्प’ पूछनेवालों और ‘नोटा’ का विरोध करनेवालों के सम्मुख चुनौती प्रस्तुत करते हुए, मेरे कुछ प्रश्न हैं; साहस हो तो प्रासंगिक उत्तर दीजिएगा :—
१- आपके अनुसार भाजपा घोषित हिन्दूवादी पार्टी है तो हिन्दुओं को पिछड़ी जाति, अगड़ी जाति, पिछड़ा-वर्ग, अति पिछड़ा-वर्ग आदिक में बाँटकर आपस में क्यों लड़वा रही है?
२- आठ राज्यों में हिन्दू ‘अल्पसंख्यक’ हैं। ऐसे में, अब तक ‘हिन्दू अल्पसंख्यक आयोग’ का गठन क्यों नहीं किया जा सका है?
३- कश्मीर घाटी में नारकीय जीवन जी रहे कश्मीरी पण्डितों और सिक्खों के उत्थान के लिए इस पार्टी ने पिछले सात वर्षों में कौन-से सार्थक काम किये है?
४- ‘हिन्दुओं’ की भावनाओं के साथ ज़ुम्लेबाज़ प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी कब तक खिलवाड़ करते रहेंगे?
५- चुनाव-पूर्व तथाकथित हिन्दूवादी पार्टी-द्वारा सार्वजनिक किये गये ‘संकल्पपत्र’ में किये गये वायदे अब तक पूरे क्यों नहीं किये गये हैं?
६- करोड़ों शिक्षित बेरोज़गार हिन्दू विद्यार्थियों के लिए नरेन्द्र मोदी ने उनके सम्मानजनक नियोजन के लिए कौन-सी योजना बनायी है?
७- देश में जिन हिन्दू महिलाओं की दुर्दशा उनका हिन्दू-समाज करता आ रहा है, उससे त्राण पाने के लिए नरेन्द्र मोदी ने कौन-सा सुखद काम किया है?
८- हिन्दू किसानों की बदहाली को दूर करने के लिए नरेन्द्र मोदी ने अब तक क्या किया है?
९- निर्धन हिन्दू लड़कियों की निश्शुल्क शिक्षा के लिए नरेन्द्र मोदी की कौन-सी योजना बनायी है?

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १९ सितम्बर, २०२१ ईसवी।)