अज्ञात वाहन की टक्कर से बालक की मौत

Deepak Kumar Srivastav-


कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना के अंतर्गत लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर गाय चराने गए बालक को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई l दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर जाम लगा दिया l सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा दुर्घटनाग्रस्त बालक को सीएचसी कछौना लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया l

कोतवाली कछौना क्षेत्र के मल्हपुर ग्राम निवासी राकेश का पुत्र शिवम (11) शनिवार को लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर गाय चराने गया हुआ था l इसी दौरान सायंकाल को एक जानवर सड़क के उस पार चला गया जिसको दूसरी ओर लाने के लिए वह सड़क पार कर रहा था l इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी l जिससे उसका सर फट गया और कुछ देर तड़पने के बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई l टक्कर मारकर चालक वाहन सहित फरार हो गया l दुर्घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर बालक के शव को रखकर जाम लगा दिया l जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई l सूचना मिलने पर कोतवाली कछौना के एसआई संतोष श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे l उन्होंने परिजनों व ग्रामीणों को समझाते हुए वैधानिक कार्यवाही करने का आश्वासन देकर जाम हटवाया l राजमार्ग से जाम हटवाने के बाद पुलिस के द्वारा मृतक बालक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना लाया गया l जहाँ मौजूद चिकित्सक अमित श्रीवास्तव ने बालक के मृत होने की पुष्टि की l फिलहाल पुलिस ने मृतक बालक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है l

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बालक शिवम पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा और कक्षा पांच का छात्र था l बालक की मृत्यु से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है l बालक की मृत्यु से उसकी मां का रो – रो कर बुरा हाल है l