हरदोई- पाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया हैं। वहीं दूसरी जगह हुई घटना में दुष्कर्म का एक अन्य मामला भी सामने आया हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक साल पुराने दुष्कर्म के मामले में दो लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया हैं। साथ ही छेड़छाड़ के मामले में भी पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने दोनों मामलो की जांच शुरू कर दी हैं।
पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 14 साल की बेटी सिंगुलापुर निवासी विपिन कुमार पुत्र शम्भूदयाल रैदास के घर शुक्रवार को किसी काम से गई थी। आरोप है कि इसी दौरान मौका पाकर आरोपी विपिन ने उसकी बेटी से छेड़छाड़ की तथा दुष्कर्म की नीयत से उसकी बेटी को एकांत में घसीटने लगा। पुत्री के शोर मचाने पर ग्रामीणों के आने से आरोपी बिपिन मौके से भाग गया। पीड़ित पिता का आरोप हैं कि आरोपी ने वारदात के दौरान उसकी बेटी से मारपीट भी की थी। फिलहाल सीओ शाहाबाद के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी हैं।
वहीं पाली थाने के ही एक अन्य गांव में भी दुष्कर्म का एक मामला सामने आया। पीड़ित व्यक्ति के मुताबिक गत वर्ष की 6 नबंवर को एक बजे के करीब सलौनी निवासी अवनीश व सुनील पुत्रगण रामपाल उसके घर मे घुस आए। उस समय उसकी 15 साल की बेटी घर मे अकेली थी। पीड़ित व्यक्ति का आरोप हैं कि सुनील बाहर दरवाजे पर घर की रखवाली करता रहा जबकि अवनीश ने बल पूर्वक उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी बेटी उससे रहम की भीख मांगती रही लेकिन इन दरिंदो को जरा भी दया नही आई। किशोरी की इज्जत को तार तार कर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को भी तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई थी लेकिन पुलिस ने मामला संदिग्ध बताकर एफआईआर दर्ज करने से इंकार कर दिया था। आखिरकार पीड़ित पिता ने बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए कोर्ट का सहारा लिया। अदालत ने पीड़ित की शिकायत को सुनकर पाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी हैं।