उत्तर प्रदेश शासन ने शीत लहरी से बचाव के लिए जिला अधिकारियों को निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों को कम्बल वितरण करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रैन बसेरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने को भी कहा है।
राहत आयुक्त श्री संजय कुमार ने बताया कि जिला अधिकारियों को कंबल वितरण के लिए अपने-अपने जिलों में कंबल वितरण का विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। दो दिवसीय यह अभियान 01 एवं 02 जनवरी को चलाया जाएगा। शीतलहर से बचाव के लिए रैन बसेरा एवं अलाव जलाने का कार्य किया जाएगा। राहत आयुक्त ने बताया कि गत 28 एवं 29 दिसम्बर, 2017 को सभी जिलों में कंबल वितरण का पहले चरण का विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें 52542 कंबलों का वितरण किया गया। 827 स्थानों पर शेल्टर होम और 12811 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई। श्री संजय कुमार ने बताया कि समस्त जनपदों में अब तक कुल 827 रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है और 31661 स्थानों पर अलाव जलवाये जा रहे हैं । इसके साथ ही अब तक कुल 2,65,854 कम्बलों का वितरण निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों के मध्य किया गया ।