जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में वाराणसी और सीनियर में हरदोई बना चैंपियन

कछौना (हरदोई)। विकासखंड कछौना क्षेत्र में आयोजित जनपद स्तर के एक दिवसीय ओपन लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में वाराणसी और सीनियर वर्ग में लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज कर चैंपियनशिप जीती है। आयोजक मंडल द्वारा विजेता टीमों को ट्राफी प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।

विकासखंड कछौना के कुकुही क्रिकेट ग्राउंड पर जोन गेम्स एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वाधान में आयोजित एकदिवसीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान प्रतिनिधि निर्भय राजवंशी के साथ क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाने वाले क्रांतिवीर सिंह, लाल बहादुर सिंह एवं मोहम्मद शोएब ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया। प्रतियोगिता का पहला खिताबी मुकाबला हरदोई और वाराणसी की जूनियर वर्ग टीमों के बीच खेला गया। वाराणसी के कप्तान ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया, बल्लेबाजी करने उतरी हरदोई की पूरी टीम निर्धारित 14 ओवर भी नहीं खेल पाई और विकेट के पतझड़ के साथ मात्र 52 रन बनाकर ढेर हो गई। हरदोई की टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सका। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की टीम ने बड़ी आसानी के साथ 11वें ओवर में ही मात्र 4 विकेट खोकर लक्ष्य हाँसिल कर लिया और खिताब अपने नाम किया। मैच में 16 रन बनाने के साथ 2 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन करने के लिए कृष्णा को मैन द मैच चुना गया।

हरदोई और लखनऊ की टीमों के बीच खेले गये सीनियर वर्ग के खिताबी मुकाबले में लखनऊ के कैप्टन शिवम ने टास जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी हरदोई की टीम की शुरुआत काफी खराब रही और शुरुआती पांच ओवरों में ही अपने चार कीमती विकेट गंवा दिए। पांचवे विकेट के लिए बल्लेबाज रेहान और राजकुमार के बीच 27 रनों की साझेदारी और डेथ ओवर्स में सचिन और सूरज की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत हरदोई ने निर्धारित 16 ओवर में 97 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की पूरी टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते हुए 14वें ओवर में 73 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और हरदोई की टीम ने 24 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। बल्लेबाजी में 23 रनों के अहम योगदान एवं गेंदबाजी में 3 विकेट लेने के लिए हरदोई के हरफनमौला खिलाड़ी सूरज कुमार को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर खेल प्रेमियों और दर्शकों की काफी भीड़ नजर आई। सभी ने सीनियर और जूनियर वर्ग के खिताबी मुकाबलों के साथ क्षेत्र के मशहूर हिंदी कॉमेंटेटर मोहम्मद शोएब की कमेंट्री का भी भरपूर आनंद लिया। प्रतियोगिता के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभा रहे खेल प्रशिक्षक नफीस अली का क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने धन्यवाद व्यक्त किया है।