एनसीटीई के आदेश के विरोध में बीटीसी/ डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षुओं ने सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ( एनसीटीई) के द्वारा जारी बीएड डिग्री धारकों को प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाने हेतु योग्य माने जाने संबंधी आदेश के विरोध में प्रधानमंत्री और मानव संसाधन विकास मंत्रालय को संबोधित एक ज्ञापन बीटीसी/ डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा के तत्वावधान में नगर मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव को सौंपा गया।

मोर्चे के जिलाध्यक्ष आनंद मिश्रा और उपाध्यक्ष अबू माज अंसारी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश में अब तक बीटीसी/ डीएलएड का प्रशिक्षण ले चुके लगभग दो लाख अभ्यर्थी बेरोजगार हैं और अगले साल इनकी संख्या पांच लाख के करीब होगी । ऐसे में बीएड अभ्यर्थियों को ब्रिज कोर्स कराया जाना निरर्थक है और इस आदेश को वापस लिया जाए । ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से क्षितिज मिश्र, प्रियंका, आकांक्षा, तरूण यादव, पुष्कर पांडेय, पुष्पेंद्र, विपेंद्र व भानू आदि शामिल रहे।