जनपद की बिलग्राम तहसील में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में आयेाजित वर्ष के प्रथम संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु एक नई पहल की गयी है। जिलाधिकारी द्वारा समाधान दिवस में बहुत पहले से लंबित चली आ रही महत्वूपर्ण 10 शिकायतों का चयन कर उन्हे संबन्धित विभाग के अधिकारी के साथ तहसीलदार/तहसीलदार न्यायिक/नायब तहसीलदार/राजस्व निरीक्षक एवं आवश्यकतानुसार थाना पुलिस बल को शिकायतकर्ता के साथ ही समाधान दिवस के दिन ही गांव/मौके पर भेजकर शिकायत का निस्तारण कराया जायेगा।
ऐसे चिह्नित 10 महत्वपूर्ण प्रकरणों को तत्काल समाधान नाम दिया गया हैं। संबन्धित उप जिलाधिकारी द्वारा संबन्धित 10 टीमों की ग्राम में रवानगी के उपरान्त उनकी निगरानी करते हुये समाधान दिवस की सायं को ही सभी 10 प्रकरण में निस्तारण आख्या प्राप्त की जायेगी एवं निस्तारण आख्या की गुणवत्ता की चेकिंग करते हुये समाधान दिवस की देर सायं तक जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की जायेगी।
ऐसी चिहिन्त समाधान दिवस की 10 शिकायतों के मौके पर निस्तारण के समय यदि संबन्धित विभाग के फील्ड लेबल जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी की लापरवाही प्रकाश मे आती है तो उसके विरूद्ध भी कार्यवाही की जायेगी। शिकायतों के तत्काल समाधान की इस व्यवस्था को जिलाधिकारी द्वारा जनपद की अन्य 04 तहसीलों में लागू करने हेतु संबन्धित उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिये गये हैं। इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ता को शीघ्र न्याय सरकार की मंशानुरूप दिलाना है। आज आयोजित समाधान दिवस में चिन्हित 10 शिकायतों हेतु 10 गाड़ियों की जो सरकारी विभागों/स्टाफ की हैं, की व्यवस्था की गयी तथा जिलाधिकारी पुलकित खरे व विधायक आशीष सिंह ने संयुक्त रूप से शिकायतों के समाधान हेतु हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।