शीतलहर से बचाव की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं : मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने शीतलहर से बचाव के लिए किए गए उपायों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी है कि शीतलहर से बचाव की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । जिलों को अलाव की व्यवस्था करने, कंबल वितरित करने एवं रैन बसेरा/शेल्टर होम के संचालन के लिए उनकी मांग को दृष्टिगत रखते हुए धनराशि उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल व्यवस्था कराई जाए ।

मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का पालन करते हुए अब तक अलाव एवं कंबल की व्यवस्था के लिए जनपदों को कुल 28 करोड़ 51 लाख 70 हजार रुपए की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिसमें 43 जिलों द्वारा लगभग 09 करोड़ 27 लाख रुपए अतिरिक्त धनराशि की मांग भी शामिल है। मुख्यमन्त्री के निर्देशानुसार सभी जिलों में 60 हजार से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था के साथ-साथ 998 रैन बसेरा/शेल्टर होम संचालित किए गए हैं। साथ ही, 5,41,645 कंबलों का वितरण भी किया गया है, जिनमें स्वैच्छिक संस्थाओं द्वारा वितरित किए गए 1,15,495 कंबल भी शामिल हैं। योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शीतलहर को देखते हुए उनके द्वारा 11/12 जनवरी, 2018 को रैन बसेरा एवं अलाव की व्यवस्था के सत्यापन के लिए अभियान आयोजित किया जाए। साथ ही, इस दौरान आवश्यकतानुसार कंबलों का वितरण भी किया जाए।