पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह ने कहा है कि पार्टी से निलंबित नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा आयोजित रात्रिभोज पर उन्होंने किसी के भी साथ गुजरात चुनाव के बारे में चर्चा नहीं की । हाल में गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस आशय का आरोप लगाया था ।
रात्रिभोज में मौजूद किसी ने भी गुजरात चुनाव का मुद्दा नहीं उठाया । डा0 सिंह ने दावा किया कि बातचीत भारत-पाकिस्तान संबंधों तक सीमित थी । उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व सेना प्रमुख सहित प्रत्येक संवैधानिक पद की छवि धूमिल करने का प्रयास कर श्री मोदी एक खतरनाक उदाहरण पेश कर रहे हैं। डा0 मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा बहाल करने के लिए श्री मोदी से क्षमा याचना की मांग की। भाजपा ने पलटवार करते हुए श्री मोदी द्वारा पाकिस्तान के बारे में की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने की डा0 सिंह की मांग को भी नामंजूर कर दिया ।