हरपालपुर- प्रधानमंत्री आवास योजना मे शासन की सख्ती के बाद भी धड़ल्ले से धन उगाही की जा रही है।अवैध वसूली के एक मामले में हुए विवाद में मामला थाने तक पहुँच गया।
ग्राम पंचायत टिकार निवासी जमुना देवी पत्नी रामकिशोर ने जिलाधिकारी को दी गई शिकायत में कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका नाम सूची में आने के बाद भी आवास की प्रथम किस्त लाभार्थी जमुना देवी के खाते में भेजी गई।इसके बाद ग्राम प्रधान मनफूल ने लाभार्थी से आवास में आए पैसे में ₹15000 की मांग की। रुपए देने के बाद ग्राम प्रधान के पुत्र विनोद ने आवास के नाम पर ₹5000 की मांग लाभार्थी के पुत्र नारायण से की। रुपए न देने पर प्रधान पुत्र विनोद व लाभार्थी जमुना देवी के पुत्र नारायण से मारपीट हुई। मामला अरवल थाने गया। जिस पर पुलिस ने दोनों को धारा 151 के तहत चालान कर एस डी एम सवायजपुर के यहां भेज दिया।इसके अलावा सूची में राजबहादुर पुत्र लाल सहाय का नाम हटाकर उसके दूसरे भाई कल्लू के नाम आवास आवंटन कर दिया गया। अभी हाल ही में विकासखंड के ग्राम पंचायत खसौरा व पलिया मे प्रधानमंत्री आवास के नाम पर धन उगाही का मामला प्रकाश में आया था।जिसमें खसौंरा गांव के लाभार्थी को अपना हक पाने के लिए न्यायालय तक की शरण लेनी पड़ी। प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार के तमाम प्रयास जमीनी स्तर पर हवा हवाई साबित हो रहे हैं।जबकि कहीं ग्राम प्रधान तो कहीं पंचायत सचिव आवास योजना में जमकर धन उगाही कर रहे हैं।खंड विकास अधिकारी वंदना जौहरी ने बताया कि शिकायत मिलने पर जॉच कराकर कार्यवाही की जायेगी।