प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व होता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी दबाव और लालच में आये मतदान करना मतदाताओं का एक पवित्र और महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। आज कर्नाटक के बेलगावी में अपनी तीसरी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मतदाताओं को राजनीतिक दलों के झूठे प्रचार पर ध्यान नहीं देते हुए समझदारी से वोट देना चाहिए।
12 मई को मतदान है अब जितना समय बचा है मैं बेलगावी से पूरे कर्नाटक की जनता को आग्रह करता हूं जागते रहिए, चौंकने रहिए। बंगलुरू में राज राजेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पहचान पत्रों की बरादमगी की घटना का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने आज एक रैली में आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अनुचित तरीके अपना रही है और जब-जब कांग्रेस हारती है तब-तब वह चुनाव आयोग को बदनाम करने में लग जाती है।
किसी की भी सरकार रही है हमारे देश के इलेक्शन कमीशन की तारीफ हुई है लेकिन जब से कांग्रेस हार रही है वो इलेक्शन कमीशन को भी बदनाम करने में जुटी हुई है। इनके लिए तो ई वी एम रोंग, कांगेस राइट, इलेक्शन कमीशन रोंग कांग्रेस राइट। सरकार के विकास कार्यक्रमों के बारे में लोगों को बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने के प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि देश के सभी भागों में सड़क, पेयजल और बिजली पहुंचाने के भी प्रयास चल रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं में हेराफेरी पर रोक लगाने के लिए ऑन लाइन भुगतान के साथ साथ भ्रष्टाचार रोकने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।