दीपक कुमार श्रीवास्तव–

कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को कस्बा स्थित इंडियन ऑल पेट्रोल पंप (कछौना सर्विस स्टेशन) पर कार में सवार नशे में धुत फौजी द्वारा पुलिसकर्मियो पर फायरिंग में गोली लगने से एक पुलिसकर्मी कौशेन्द्र गुर्जर के गोली लगने से घायल होने की सनसनी खेज घटना हुई । जिसमें पुलिस ने सोमवार को नाकाबंदी के बाद मुठभेड़ के दौरान मुख्य अभियुक्त फौजी संदीप सिंह पुत्र विजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था । जबकि कार में सवार उसके तीन अन्य साथी फरार हो गए थे । जिन्हें बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया ।
बुधवार की सुबह कछौना पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग के पास तीन संदिग्ध अभियुक्तगण हरदोई जाने के फिराक में हैं। जिस पर कोतवाली कछौना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आरबी सिंह व राकेश राय के नेतृत्व में कांस्टेबल जसकरन कुशवाहा, महिपाल, अंकुर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अशोक कुमार आदि ने तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। जिनकी पहचान सोमवार को पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की घटना में शामिल फरार अभियुक्तों रवि सिंह पुत्र उत्तम सिंह, गोविंद सिंह पुत्र लक्ष्मी नारायण सिंह व रणजीत सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह निवासीगण बर्रा घूमन थाना बघौली के रूप में हुई । पुलिस ने बुधवार को तीनों अभियुक्तों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया ।