बाधित जलापूर्ति हुई बहाल, नगरवासियों ने ली राहत की सांस

नगर प्रशासन के असंवेदनशील रवैये के प्रति लोग में नाराजगी

कछौना (हरदोई)। नगर कछौना में लगभग दो दिनों से ठप पड़ी जलापूर्ति इकाई के देर शाम बहाल होते ही जल संकट से जूझ रहे परिवारों ने राहत की सांस ली है। नगर प्रशासन ने गुरुवार देर शाम को इकाई में आई खराबी को दुरुस्त कराकर सप्लाई चालू की जिसके बाद प्रभावित मोहल्लों के लोगों को पानी मिला सका।

बताते चलें कि नगर कछौना में नगर पंचायत द्वारा संचालित दो इकाइयों के माध्यम से नगर की पूरी आबादी को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जाती है। बुधवार सुबह एक इनमें से एक इकाई के मोटर में आई तकनीकी खराबी के कारण नगर 70% आबादी की जलापूर्ति बाधित हो गई। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को पूरे दिन जल संकट से जूझने के बाद लोग गुरुवार की सुबह से जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन कई घंटों के इंतजार के बाद लोगों को मायूसी हाथ लगी। भीषण गर्मी में जलापूर्ति बाधित होने के दौरान कई मोहल्लों के परिवार जल संकट से प्रभावित दिखे। कई लोगों ने हैंडपंप से पानी जुटाया तो कई ने पड़ोसियों के घरों में लगे समर्सिबल से पानी मांगा। नगर प्रशासन द्वारा इकाई में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त कराकर गुरुवार देर शाम लगभग 8:00 बजे जल आपूर्ति बहाल की गई। लगभग 40 घंटों से भी ज्यादा समय तक बाधित जलापूर्ति के बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

वहीं इस भीषण गर्मी में जल आपूर्ति बाधित होने के प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था न किए जाने से नगरवासियों में नगर प्रशासन के प्रति घोर नाराजगी एवं रोष व्याप्त है। लोगों का यह कहना है कि यदि नगर प्रशासन चाहता तो दूसरी चालू इकाई से जल टैंकर द्वारा प्रभावित लोगों तक पेयजल पहुंचा सकता था पर उसके द्वारा ऐसा कुछ ना किये जाने से यह साफ स्पष्ट होता है कि नगर वासियों की समस्याओं के प्रति नगर प्रशासन संवेदनशील नहीं है।