गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण पर क्षेत्रीय विधायक का कड़ा रुख

जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए डीएम व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को भेजा पत्र

कछौना (हरदोई)। जनपद हरदोई के विकासखंड कछौना में योगी सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के दावों की पोल उस वक्त खुल गई जब दो माह पूर्व बनी सड़क को ग्रामीणों ने खुद अपने हाथों की उंगली से उखाड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी और विरोध प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार एवं निर्माण की धांधली में शामिल अधिकारियों कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है।

बताते चलें कि लोक निर्माण विभाग द्वारा विकासखंड कछौना की ग्राम पंचायत गाजू के ग्राम फत्तेपुर से नरपतखेड़ा के बीच 2 किलोमीटर दूरी की सड़क का निर्माण लगभग दो माह पूर्व कार्यकारी संस्था द्वारा कराया गया था। सड़क के निर्माण में जमकर धांधली करते हुए इतने निम्न व घटिया स्तर की सामग्री का प्रयोग किया कि सड़क अभी से ही उखड़ने लगी है। जिसको लेकर नाराज दर्जनों ग्रामीणों ने बीते शनिवार को उसी सड़क पर जिम्मेदारों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में मानकों की जमकर हुई अनदेखी के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार को शिकायती पत्र भी भेजा है।

इस पूरे प्रकरण के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित खबरों के बाद क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए डीएम अविनाश कुमार और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है। अब देखना यह है कि सड़क निर्माण में धांधली के दोषियों पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई कब तक अमल में लाई जाएगी या मामले को ठंडे बस्ते में डालकर सुलझा दिया जाएगा।