अतिक्रमण की धुंध में खो रहे फुटपाथ, सड़क पर सज रहीं बेतरतीब दुकानें

कछौना (हरदोई) : नगर में सड़कों पर फैला अतिक्रमण व फुटपाथों पर सजी दुकानों की वजह से आए दिन लगने वाला जाम लोगों की परेशानी का सबब बनता जा रहा है। नगर के मुख्य मार्ग (स्टेशन रोड) पर दोनों तरफ इंटरलॉकिंग फुटपाथ पर (सड़क सीमा क्षेत्र में) दुकानदारों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।फुटपाथ भले ही पैदल चलने वालों की सहूलियत के लिए बनवाया गया हो लेकिन सच तो यह है कि इन पर दुकानदारों ने ऐसे कब्जा कर रखा है जैसे यह उनकी अपनी मिल्कियत हो। दुकानदार अपनी दुकान का सारा सामान फुटपाथ पर सजाकर बैठ जाते हैं जिससे सड़क पर चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर जाम के बीच चलना लोगों की मजबूरी बनता जा रहा है।

नगर में अतिक्रमण की समस्या लगातार गहराती जा रही है। अतिक्रमण हटाओ अभियान सिर्फ कागजी खानापूर्ति तक ही सीमित है। नगर के कुछ व्यापारियों ने सड़क पर फैले अतिक्रमण हटवाने के संबंध में नगर पंचायत कछौना के अधिशासी अधिकारी डॉक्टर प्रकाश गोपालन को पत्र लिखा है। फुटपाथ पर अतिक्रमण के संबंध में व्यापारियों ने बताया कि फुटपाथ पैदल चलने वालों की सुविधाओं के लिए बनाया गया है ना कि व्यवसाय के लिए। सड़क हो या फुटपाथ, इस पर कब्जा करने का किसी को अधिकार नहीं है। पक्की दुकानों के आगे लगने वाले अतिक्रमण से हम व्यापारियों के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही आए दिन सड़क पर लगने वाले जाम की वजह से लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी से नगर में औचक निरीक्षण कर सड़क पर फैले अतिक्रमण को चिन्हित कर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाई करते हुए फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है। वहीं इस संबंध में कछौना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी डॉ० प्रकाश गोपालन ने बताया कि पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाने हेतु अभियान चलाया जा चुका है। लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। फुटपाथ पर कब्जा करने वालों से नगर प्रशासन की अपील है कि वो अपनी दुकानें जल्द ही हटा लें अन्यथा पुनः अभियान चलाकर, अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निश्चित समयावधि में अतिक्रमण हटाने/फुटपाथ खाली करने को कहा जाएगा। तय समय बाद भी दुकान ना हटाने वालों पर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।साथ ही ऐसे पटरी, ठेले ठेलिया व अस्थाई दुकानदारों के समायोजन के संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन जल्द ही ऐसे अस्थायी दुकानदारों को अपनी दुकानें लगाने के लिए जगह की व्यवस्था करेगा। अधिशासी अधिकारी ने सभी व्यापारियों को निर्देश भी दिया कि वो कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु स्वयं मास्क का प्रयोग करते हुए दुकान पर आने वाले ग्राहकों के बीच सोशल डिस्टेसिंग बनाएं रखें।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगर