अवैध कब्ज़े व अतिक्रमण हटाने के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर

दीपक कुमार (कछौना)-


कछौना हरदोई – जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को नगर पंचायत कछौना में उप जिलाधिकारी संडीला के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया । जिसके अंतर्गत फुटपाथ, सार्वजनिक स्थानों में सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले व्यवसाइयों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया ।

शासन द्वारा पूरे प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है । इसी क्रम में हरदोई जनपद में जिलाधिकारी पुलकित खरे द्वारा जनपद की हर नगर पालिका व नगर पंचायत में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया है ।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कछौना में शुक्रवार को दोपहर उप जिलाधिकारी संडीला आशीष कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बघौली अखिलेश राजन, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कछौना विंध्याचल व वरिष्ठ लिपिक नगर पंचायत कछौना जय बहादुर सिंह के नेतृत्व व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लखनऊ हरदोई राजमार्ग से अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान की शुरुआत हुई, जो कि रेलवेगंज में जाकर खत्म हुई । लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़े पैमाने किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया । नगर पंचायत द्वारा बिना चिन्हीकरण के चलाए गए इस अभियान के दौरान लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति रोष व आक्रोश देखा गया । रेलवे गंज में दुकानों के आगे लगे अवैध टीनशेड, तिरपाल तथा बोर्ड को हटाया गया तो विरोध शुरू हुआ, लेकिन अभियान जारी रहा । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क किनारे रखे दर्जनों खोखों के अतिक्रमण के विरुद्ध उप जिलाधिकारी के निर्देश पर दुकानदारों को नगर पंचायत प्रशासन ने शनिवार तक खोखा हटाने का अल्टीमेटम दे दिया है । उप जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित खोखे शनिवार तक नहीं हटे तो उन्हें प्रशासन द्वारा बुलडोजर द्वारा क्षतिग्रस्त कर हटा दिया जाएगा ।


रेहड़ी लगाने वालों व पटरी दुकानदारों की जीविका पर संकट


नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सड़क किनारे रेहड़ी लगाने वाले व पटरी दुकानदारों के चेहरों पर चिंता की रेखाएं स्पष्ट नजर आ रही थी । क्योंकि सड़क के किनारे रेहड़ी लगाकर ही वह अपने परिवार की जीविका चलाते हैं ।


अभियान के दौरान कई जगह भेदभाव देखा गया


अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में कई जगह भेदभाव भी देखा गया । लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर सिंह नर्सिंग होम के सामने अवैध कब्जे में बनी कुटिया, जिसमें बैठकर नगर के कुछ रसूखदार और पुलिस विभाग के कई व्यक्ति सोमरस का पान करते हैं, की प्रशासन ने अनदेखी करते हुए उस पर बुलडोजर नहीं चलाया । रेलवेगंज में भेदभाव से चल रहे अभियान का ऋषि गुप्ता ने कड़ा विरोध किया और अधिशाषी अधिकारी विंध्याचल से स्पष्टीकरण मांगा ।


उप जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को लगाई फटकार


लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान के दौरान कुछ लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बिना चिन्हीकरण के यह अभियान चलाया जा रहा है । जिस पर उप जिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग के जेई प्रदीप गौतम से पूछा कि क्या उन्होंने सीमा को चिन्हित नहीं किया है । जिस पर लोक निर्माण विभाग के जेई ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान को लेकर उन्हें किसी प्रकार का कोई लिखित पत्र नहीं जारी किया गया है और ना ही इस अभियान से संबंधित किसी बैठक में बुलाया गया । उप जिलाधिकारी संडीला आशीष कुमार सिंह ने अधिशाषी अधिकारी विंध्याचल को उनकी इस गलती पर कड़ी फटकार लगाई ।


भारी पुलिस बल रहा मौजूद


अवैध कब्जे व अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा । विरोध व आक्रोश की आशंका के चलते अभियान के दौरान तीन थानों बघौली, संडीला व कछौना का पुलिस बल मौजूद रहा । कछौना पुलिस बल की अगुवाई उप निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव बघौली पुलिस बल की अगुवाई एसओ देशराज और संडीला पुलिस बल की अगुवाई एसओ जगदीश यादव कर रहे थे ।

बातचीत के दौरान नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अधिशासी अधिकारी विंध्याचल ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर बहुत जल्द ही पूरे नगर को अतिक्रमण मुक्त कर दिया जाएगा l