23 से 25 सितम्बर 2019 तक तीन दिवसीय स्पोर्ट स्टेडियम में 65वीं प्रादेशिक माध्यमिक विद्यालयीय बैडमिंटन एवं टेबिल टेनिस की आयोजित प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी पुलकित खरे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण कर एवं दीप प्रज्वलित कर तथा बैडमिंटन हाल का फीता काट कर एवं गुब्बारे एवं शान्ति के प्रतीक कबूतर उड़ा कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित खेल प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेल जीवन का आईना है और खेल से जीवन के हर क्षेत्र में संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है तथा जो जीतता है, वह एक जीत को जीतता है; परन्तु जो हारता है वह वहां से सीख लेकर हजारों बार जीतता है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी खेल भावना से खेले और अपने उच्च स्तरीय खेल का प्रर्दशन करें।
इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि खेल से मन, मस्तिष्क एवं शरीर स्वस्थ रहता है और और प्रतिभागियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इससे पूर्व वेणी माधव इण्टर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वन्दना तथा आर्य कन्या इण्टर कालेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया और विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को बैच लगाकर स्मृति चिन्ह भेंट किये। प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बैडमिंटन खेल कर किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मण्डलों के विद्यालयों के 930 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राय, पत्रकार अभय शंकर गौड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, पत्रकार बन्धु आदि मौजूद रहे।