जिला स्तरीय टास्क फोर्स स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार मे मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सघन मिशन इन्द्रधुनष अभियान की समीक्षा में कुछ ब्लाकों की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुये मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देश दिये कि मिशन इन्द्रधनुष की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुये इसमें शतप्रतिशत उपलब्धि हासिल करें। उन्होने कहा कि यह कार्यक्रम मा0प्रधानमंत्री की प्राथमिकता मे है और उनके द्वारा इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सांयकाल के समय ब्लाक पर होने वाली बैठक में आई0सी0डी0एस0, शिक्षा तथा नेहरू युवा केन्द्र के प्रतिनिधि को अवश्य आमंत्रित किया जाये और बैठक में न आने वाले प्रतिनिधियों की सूचना एम0ओ0आई0सी0 द्वारा उनके उच्च अधिकारी को उपलब्ध कराई जायेगी ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा सके। उन्होने कहा कि ईट भट्टे एवं मलिन बस्तियों में इन्द्रधुनष अभियान के अन्तर्गत बच्चों को टीकाकरण से मना करने पर उन्ही गांवों में प्रधान एवं भट्ठे के प्रतिनिधियों के माध्यम से गांववासियों की बैठक कर उन्हे टीकाकरण से बच्चों को होने वाले लाभ के बारे में बताये हुये शतप्रतिशत टीकाकरण करायें।
माह दिसम्बर में होने वाले मिशन इन्द्रधनुष के संबन्ध में जानकारी देते हुये मुख्य चिकित्साधिकारी डा0पी0एन0 चतुर्वेदी ने बताया कि इस सत्र में 24493 बच्चों तथा 2858 गर्भवती माताओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिये 444 ए0एन0एम0 व 203 पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं तथा सभी को कड़े निर्देश दिये गये हैं कि इस माह के होने वाले सत्र में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये और जिन एम0ओ0आई0सी0 व ए0एन0एम0 द्वारा इसमें लापरवाही या कोताही बरती गयी तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में डिप्टी सीएमओ डा0विजय कुमार सिंह, डा0प्रमिला निरंजन, डा0ए0के0गुप्ता, डा0अम्बुज सिंह, डा0विजय कुमार, डा0रवीन्द्र सिंह, डा0पुनीत मिश्रा, डा0प्रेम यादव, सहायक निदेशक सूचना कुमकुम शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्द्धीकी, समामसेवी संजू कश्यप सहित अन्य चिकित्साधिकारी, एम0ओ0आई0सी0 व सीडीपीओ मौजूद रहे।