सरकार अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर चर्चा के लिए तैयार है

सत्‍तापक्ष और विपक्षी दलों के बीच गतिरोध जारी रहने के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाहीआज 14 वें दिन भी स्‍थगित करनी पडी। राज्‍यसभा और लोकसभा में विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्षी सदस्‍यों ने कामकाज में बाधा डाली। वहीं संसद में जारी गतिरोध समाप्‍त करने के प्रयास में संसदीय कार्य राज्‍यमंत्री विजय गोयल प्रमुख विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करेंगे ।

आज नई दिल्‍ली में पत्रकारों से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि संसद में विरोध प्रदर्शन समाप्‍त करने के लिए वे कांग्रेस, ऑल इंडिया अन्‍ना डी.एम.के, टी.डी.पी. और टी.आर.एस. सहित विभिन्‍न पार्टियों के प्रमुख नेताओं से मिलेंगे । श्री गोयल ने कहा कि मैंने तय किया है कि जितने भी विपक्षी दल के ये जो नेता हैं इनको मैं पर्सनली मिलूंगा और इस बात की रिक्‍वेस्‍ट करूंगा। आज मैंने गुलाम नबी आजाद से भी कहा है कि भई हां हम इसपर आकर बैठकर, डिस्‍कस करें और हाउस चलने दें। श्री गोयल ने कहा कि सरकार अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर चर्चा के लिए तैयार है और लोकसभा में उसका भारी बहुमत है।