सपा सांसद का आरोप भगवान राम के सहारे जनता को बेवकूफ बना रही है सरकार

                 किसानों की समस्याओं को लेकर जिले भर के तहसील मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी का धरना प्रदर्शन हुआ।इसमें सण्डीला पहुंचे सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने भाजपा सरकार को ईवीएम की सरकार बताते हुए कहाकि कर्जमाफी किसानों के साथ धोखा है और प्रदेश में कानून व्यस्था फेल है।सपा सांसद का आरोप है कि सरकार भगवान राम के सहारे जनता को बेवकूफ बना रही है।कहाकि अगर अभी भी न चेते तो समाजवादी हल्ला बोल के लिए मजबूर होगी क्योंकि हमें तख्त बदलना है ताज बदलना है बेईमानों का राज बदलना है।एमएलसी मिसबाहुद्दीन ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
                तहसील सदर में सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाए। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में प्रदेश का किसान बेहाल है। सरकार अपने भाषणों में किसानों के कल्याण की अनेक योजनाओं व कार्यक्रम की घोषणा दिन प्रतिदिन करती आ रही है परंतु वास्तव में धरातल पर किसानों के लिए कोई भी लाभकारी कार्य नहीं हुआ है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में किसानों को मुफ्त सिंचाई, फसल बीमा समय पर बिजली, उर्वरक एवं बीज की आपूर्ति की व्यवस्था थी। भाजपा सरकार इन को बनाए रखने में भी असफल साबित हुई है। किसान दिन-प्रतिदिन बर्बाद होता जा रहा है।
               ज्ञापन में बिंदुवार समस्याओं का ज़िक्र भी है। लिखा गया है कि आलू की खरीद का वायदा सरकार द्वारा सत्ता संभालते ही मार्च 2017 में किया गया था परंतु वायदा खोखला निकला। आज किसान आलू सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर हो गया है। लागत दाम भी ना मिलने से कोल्ड स्टोर से निकासी नहीं हो रही है नई उपज आ गई है।धान की अच्छी उपज होने से किसानों के धान को बिचौलियों द्वारा खरीदा जा रहा है। सरकार खरीद बिचौलियों द्वारा कराई जा रही है, किसानों को धान औने-पौने दाम पर बेचना मजबूरी हो गई है।किसानों द्वारा खेती की सिंचाई के लिए अपने निजी नलकूप लगाए गए हैं। समाजवादी सरकार में बिजली की सिंचाई के नलकूपों के लिए 800 से 1000 रुपये प्रति 10 हॉर्स पावर देना पड़ता था। परंतु किसान विरोधी भाजपा सरकार द्वारा बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि कर के लगभग 2000 रुपये प्रति 10 हॉर्स पावर अर्थात दोगुना कर दिया गया है। सरकार का यह निर्णय किसान विरोधी है। रबी की फ़सल की बुवाई के समय उर्वरक नहीं मिला और ना ही उन्नतशील बीजों का प्रबंध किया गया। इस समय भी सिंचाई के समय उवर्रक नहीं मिल पा रहा है।गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य अभी तक नहीं मिल पाया है।
                वर्ष 2017 का गन्ना पेराई के समय का लगभग 1500 करोड़ रुपए अभी भी बकाया है तथा वर्तमान वर्ष 2018 की पेराई के समय का इस समय लगभग 2000 करोड रुपए बकाया हो गया है।अंत मे लिखा गया है कि किसानों की उपरोक्त समस्याओं के समाधान की ओर उत्तर प्रदेश सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण है। वास्तव में भाजपा सरकार विकास विरोधी होने के साथ किसान विरोधी सरकार है। किसानों के आक्रोश के प्रति समाजवादी पार्टी उदासीन नहीं रह सकती है, जिसके कारण आपका तथा प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए आज 27 जनवरी 2018 को जनपद हरदोई की तहसील हरदोई सदर के हम हज़ारों किसान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर उप ज़िलाधिकारी सदर के कार्यालय पर धरना पर बैठे हुए किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर रहे हैं। जिसमें निर्णय लिया गया है कि उक्त समस्याओं की ओर आपका ध्यान आकर्षित करते हुए उप ज़िलाधिकारी के माध्यम से यह ज्ञापन सौंपा जाए। आप से हमारी मांग है कि कृपया उत्तर प्रदेश सरकार को हमारी समस्याओं पर राहत दिलाने के निर्देश देने का कष्ट करें।
               इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ,पुर्व ज़िला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ,टिंकू त्रिवेदी, अमित बाजपेई, संजय कश्यप, आदर्श दीपक मिश्रा, आरिफ़ खान ‘शानू’, मुकुल सिंह ‘आशा’, राहुल गुप्ता, अमित त्रिवेदी ‘रानू’, अंकित अवस्थी, आशीष त्रिपाठी, छोटू बनिया, आदर्श मिश्रा, परिवेश श्रीवास्तव ‘कुक्कू’, राम ज्ञान गुप्ता,नीरज अवस्थी,अमित सिंह ‘मीतू’, अखिल चंदेल, लवकुश कश्यप,बआकाश पाठक, विकास शुक्ला, आमिर मंसूरी, मोहम्मद जुनैद,कल्लू रस्तोगी, अफजल, हरिनाम यादव, वसीम अहमद, मनोज शुक्ला, प्रशांत मिश्रा,  बाला जी, मोहित दीक्षित, आयुष ठाकुर, समीर, मोनू सिंह, रजनीश सिंह इटौली, पिंटू त्रिवेदी भीठा, पन्ने सिंह आदि मौजूद रहे।