हरदोई। पत्रकारों के हितार्थ जिले के महत्वपूर्ण संगठन हरदोई प्रेस क्लब की रविवार को कार्यकारिणी बैठक आहूत की गई जिसमें हरदोई प्रेस क्लब के अध्यक्ष आकाश शुक्ला के नेतृत्व में क्लब के समस्त सदस्यों के साथ आगामी होने वाली वृहद बैठक के मद्देनजर कार्य योजना तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रेस क्लब भवन में सभी सदस्यों के लिए पत्रकारिता से संबंधित समस्त सेवाओं की व्यवस्था होना सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें वाईफाई, टीवी, पेयजल व बैठने आदि की व्यवस्थाएं शामिल हैं। क्लब खुलने का समय सुबह 11 बजे से सायंकाल 07 बजे तक का सुनिश्चित किया गया है। आपातकालीन स्थिति या किसी साथी की जरूरत के समय में उक्त समय में विस्तार भी किया जा सकता है। एक केयर टेकर व आगंतुकों की एंट्री एवं कार्यालय आदि कार्यों के लिए एक व्यक्ति की तैनाती स्थायी रूप से किया जाना सुनिश्चित होगी। अध्यक्ष आकाश शुक्ला ने बताया कि हरदोई प्रेस क्लब पत्रकारों के हितार्थ सदैव ही तत्परता एवं निष्ठा से कार्य करेगा तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। इसके अतिरिक्त बैठक में पत्रकारिता जगत में पत्रकारों के समक्ष आ रही चुनौतियों से किस प्रकार निपटा जाए इस पर भी गहनता से विचार किया गया एवं पत्रकारों के अधिकारों के लगातार हो रहे हनन पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किये जाने का प्रण भी किया गया, जिससे कि हरदोई जिला पूरे प्रदेश में पत्रकारिता जगत में एक मॉडल जिले के रूप में उभर कर सामने आए।
हरदोई प्रेस क्लब की इस बैठक में सचिव वीरेश गुप्ता, उपाध्यक्ष संजीव आनंद, कोषाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी व मुख्य कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद कुमार, विराट सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट ➖एस.बी.सिंह सेंगऱ